Rajsamand Fake Currency : राजस्थान के राजसमंद जिले में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 80 हजार रुपये से अधिक की जाली मुद्रा बरामद की गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए नकली नोटों में 500, 200 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं।
प्रदेश में हाल के समय में नशा, तस्करी और नकली नोटों जैसे अपराधों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। सरकार इन अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की बात कर रही है, लेकिन अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। राजसमंद की यह कार्रवाई उसी कड़ी का ताजा उदाहरण है।
Rajsamand Fake Currency : मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
केलवा थाना प्रभारी सुबोध जांगीड़ के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जैतपुरा गांव के एक मकान में नकली नोट छापे जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमेट थाना क्षेत्र के आगल गांव निवासी नारायण लाल और कमलेश गुर्जर के रूप में हुई है।

एक ही सीरियल नंबर वाले मिले नोट
पुलिस जांच में आरोपियों के पास से 500 रुपये के 15 नोट, 200 रुपये के 362 नोट और 50 रुपये के 4 नोट बरामद किए गए। इनकी कुल राशि 80 हजार 100 रुपये बताई गई है। विशेष बात यह रही कि सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित पाया गया, जिससे इनके जाली होने की पुष्टि हुई।मौके से नकली नोट तैयार करने में प्रयुक्त प्रिंटर, स्याही के डिब्बे, कागज की शीट, कटर सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें – Dholpur Firing Case : धौलपुर में टॉकीज के बाहर देर रात चली गोली
